एआईएलयू ने मजदूरों के खिलाफ नाेएडा पुलिस के तरीके को बताया मानवाधिकार का उल्लंघन

17 Apr 2026 17:42:53
ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू)


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। वकीलों के अखिल भारतीय संगठन ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू) ने नोएडा के औद्योगिक इलाके में मजदूरों के आंदोलन से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा अपनाये जा रहे कथित क्रूर तरीकों की आलोचना की है। एआईएलयू के राष्ट्रीय महासचिव और वरिष्ठ वकील पीवी सुरेंद्रनाथ ने नोएडा पुलिस के अमानवीय तरीके को घोर मानवाधिकार उल्लंघन करार दिया है।

बयान में कहा गया है कि एआईएलयू की दिल्ली ईकाई ने एक फैक्ट फाईंडिंग टीम का गठन किया है जो नोएडा के पीड़ित मजदूरों के परिवारों से मिलकर स्थिति की गंभीरता का पता लगाएगी। फैक्ट फाइंडिंग टीम मानवाधिकारों के उल्लंघन की गंभीरता का पता लगाएगी और पीड़ितों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी।

एआईएलयू ने एक बयान में कहा कि नोएडा के औद्योगिक इलाके के मजदूर अमानवीय परिस्थितियों में जीने को मजबूर हैं। उन्हें मजदूरी काफी कम मिलती है जबकि बुनियादी जरुरतें महंगी हो गयी हैं। नये श्रम कानूनों के लागू होने के बाद स्थिति और खराब हो गयी है। यही वजह है कि ट्रेड यूनियन और पूरा मजदूर आंदोलन इन नये श्रम कानूनों के विरोध में उठ खड़ा हुआ है।

बयान में कहा गया है कि नोएडा में मजदूरों के आंदोलन में शामिल अधिकांश मजदूर किसी ट्रेड यूनियन के सदस्य नहीं हैं, इसके बावजूद उन्होंने अपनी जायज मांगों के लिए प्रदर्शन में हिस्सा लिया। वे अपना वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं लेकिन इन मजदूरों की मांगों पर बात करने की बजाय उन पर दमन का चक्र चलाया जा रहा है। एआईएलयू ने मांग की है कि दिल्ली-एनसीआर का प्रशासन मजदूरों के दमन का सिलसिला बंद करे और कानून का राज स्थापित करे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजय

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0