
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक बार फिर देश की माता-बहन और बेटियों का स्मरण करते उनसे आशीर्वाद बरसाने की कृपा की । प्रधानमंत्री ने एक्स पर साझा सुभाषितम् में कहा, ''हमारी नारी शक्ति एक सशक्त भारत की पहचान है। आज देश की माताएं, बहनें और बेटियां अपने अटूट संकल्प, निष्ठा और सेवा-भाव से हर क्षेत्र में भारतवर्ष का गौरव बढ़ा रही हैं।''
उन्होंने श्री दुर्गा सप्तशती के चतुर्थ अध्याय (शाकम्भरी स्तुति) के श्लोक ''देव्या यया ततमिदं जगदात्मशक्त्या निश्शेषदेवगणशक्ति समूहमूत्र्या।तामम्बिकामखिलदेवमहर्षिपूज्यां भक्त्या नता: स्म विदधातु शुभानि सा न:॥'' का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ही शक्ति से इस ब्रह्मांड की रचना की। वह समस्त देवताओं की शक्तियों के सामूहिक स्वरूप के रूप में अवतरित हुईं हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, '' मां की आराधना सभी देवता और महान ऋषि समान रूप से करते हैं और उनके समक्ष हम श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं। वे देवी हम पर अपना मंगल आशीर्वाद बरसाएं।'' उल्लेखनीय है यह श्लोक देवी के सर्वव्यापी, शक्ति स्वरूपा रूप की स्तुति करता है। इसकी स्तुति से ज्ञान, बल और शक्ति प्रदान होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद