
पौड़ी गढ़वाल, 17 अप्रैल (हि.स.)।
ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद पौड़ी पुलिस ने अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से बांग्लादेश का पुराना पासपोर्ट और सत्यनिष्ठ आर्य नाम से भारत का फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक कोतवाली एवं अभिसूचना इकाई लक्ष्मणझूला द्वारा संयुक्त रूप से रामझूला क्षेत्र में सघन सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान आसपास संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन एवं चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में व्यक्ति की दी गई जानकारी विरोधाभासी एवं संदेहास्पद प्रतीत होने पर उससे गहनता से पूछताछ की गई।
गहनता से पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति ने अपना वास्तविक नाम सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू (39) निवासी बैसड़ी मधुखाली, फरीदपुर (बांग्लादेश) बताया। जांच में खुलासा हुआ कि वह वर्ष 2016 से भारत में अवैध रूप से रह रहा था। अपनी वास्तविक पहचान छुपाने लिए उसने सत्यनिष्ठ आर्य नाम से भारतीय आधार कार्ड भी बनवा रखा था।
पुलिस ने उक्त व्यक्ति के दस्तावेजों को गहनता से खंगालने के साथ ही और अधिक जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान आरोपित के कब्जे बांग्लादेशी पासपोर्ट (जिसकी वैधता वर्ष 2018 में समाप्त हो चुकी थी), भारतीय पते पर बना आधार कार्ड, मोबाइल फोन, टैबलेट आदि सामान बरामद हुआ. पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी एक दिन पूर्व ही लक्ष्मणझूला घूमने आया था, जबकि इससे पूर्व वह बंगाल, दिल्ली, गाजियाबाद एवं अन्य स्थानों पर निवास कर रहा था। आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारत में अवैध निवास करने और पहचान छुपाकर रहने पर पुलिस द्वारा व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि आरोपी विषय में पुलिस, जांच एजेंसियों आदि द्वारा गहनता से जांच कर और अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी को कोर्ट पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम मे वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल, आरक्षी शूरवीर सिंह, होमगार्ड सूरजभानू के साथ ही अभिसूचना इकाई के उपनिरीक्षक सौरभ राठी मुख्य आरक्षी नरेंद्र कोठियाल,
राकेश सिंह शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह