'पोषण पखवाड़ा 2026' के तहत मिजोरम में सामुदायिक भागीदारी और पोषण जागरूकता कार्यक्रम

17 Apr 2026 19:53:53
पोषण जागरूकता कार्यक्रम


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रव्यापी पोषण पखवाड़ा 2026 के तहत मिजोरम के खावबंग में समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) प्रोजेक्ट ने शुक्रवार को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रभावी गतिविधियों का आयोजन किया।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अनुसार इस पहल का मुख्य लक्ष्य सामुदायिक सहभागिता के जरिए कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में कदम बढ़ाना है। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों ने सामाजिक कार्य से जुड़ी पहलों और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रमों सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया। उत्सव का एक प्रमुख आकर्षण पौष्टिक भोज कार्यक्रम रहा, जिसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध भोजन के संतुलित और स्वास्थ्यवर्धक विकल्पों को प्रदर्शित किया गया ताकि समुदाय में बेहतर आहार संबंधी आदतों को प्रोत्साहित किया जा सके।

एक समन्वय समिति ने प्रोजेक्ट के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान समिति ने जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और लाभार्थियों तथा अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इन दौरों से जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की महिलाओं और बच्चों के पोषण संबंधी स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता देखने को मिली।

यह पहल देशभर में व्यवहार परिवर्तन, सामुदायिक भागीदारी और बेहतर पोषण संबंधी परिणामों को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0