
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। उबर कप से पहले भारतीय महिला बैडमिंटन टीम को बड़ा झटका लगा है। देश की शीर्ष महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) ने शुक्रवार को बताया कि ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद पिछले महीने स्विस ओपन के दौरान ट्रीसा के कंधे में लगी चोट के बाद से कोर्ट से बाहर चल रही थीं। दोनों खिलाड़ी बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में वापसी के लिए तैयार थीं, लेकिन ट्रीसा को फिर से चोट लगने के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा। बीएआई ने उनकी जगह श्रुति मिश्रा और प्रिया कोंजेंगबम की जोड़ी को टीम में शामिल किया है। यह जोड़ी फिलहाल विश्व रैंकिंग में 48वें स्थान पर है। महिला प्रतियोगिता 24 अप्रैल से 3 मई तक डेनमार्क के होर्सेंस में आयोजित होगी। टीम में काविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी की जोड़ी भी शामिल है।
टीम की अगुवाई दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी. वी. सिंधु करेंगी। एकल वर्ग में उन्नति हुड्डा, तान्वी शर्मा, देविका सिहाग और इशारानी बरुआ जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। इसके अलावा तनीषा क्रास्टो भी टीम का हिस्सा हैं, जिन्हें युगल मुकाबलों का अनुभव हासिल है। पुरुष वर्ग में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी टूर्नामेंट से पहले तैयारी के लिए जल्दी डेनमार्क रवाना होंगे। दोनों खिलाड़ी 2022 में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
सात्विक और चिराग, जो दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी हैं, मार्च में स्विस ओपन के क्वार्टरफाइनल से कंधे की चोट के कारण हट गए थे और उन्होंने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप भी नहीं खेली थी। पुरुष टीम को ग्रुप चरण में मौजूदा चैंपियन चीन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के साथ रखा गया है, जहां भारत के सामने कड़ी चुनौती होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे