आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ‘ग्रीन जर्सी’ में उतरेगी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

17 Apr 2026 17:12:53
ग्रीन जर्सी में रजत पाटीदार


बेंगलुरु, 17 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अपनी खास ‘ग्रीन जर्सी’ में नजर आएगी। यह पहल फ्रेंचाइजी के पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण को दर्शाती है।

रीसाइकिल्ड सामग्री से बनी यह ग्रीन जर्सी आरसीबी की ‘ग्रीन इनिशिएटिव’ का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत 2011 में की गई थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दुनिया की एकमात्र कार्बन-न्यूट्रल टी20 फ्रेंचाइजी है और अब वह कार्बन-पॉजिटिव बनने की दिशा में काम कर रही है।

फ्रेंचाइजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश मेनन ने कहा, “टी20 फ्रेंचाइजी के रूप में कार्बन-न्यूट्रल दर्जा हासिल करना वर्षों की मेहनत का परिणाम है। ग्रीन जर्सी इस प्रतिबद्धता का प्रतीक है और हम उम्मीद करते हैं कि यह पहल हमारे प्रशंसकों और साझेदारों को भी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।”

आरसीबी अपने मैचों के दौरान दर्शकों के व्यवहार का भी अध्ययन कर रही है। स्टेडियम में सर्वे के जरिए यह देखा जा रहा है कि प्रशंसक किस तरह यात्रा करते हैं, राइड-शेयरिंग का कितना उपयोग होता है और प्रति दर्शक कार्बन उत्सर्जन कितना है।

फ्रेंचाइजी ने प्रशंसकों को सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया है। मैच टिकट के साथ बेंगलुरु मेट्रो में यात्रा की सुविधा दी जा रही है।

स्टेडियम स्तर पर कचरा प्रबंधन को भी मजबूत किया गया है, जिसमें कचरे के पृथक्करण और निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा सौर ऊर्जा आधारित लाइटिंग, ऊर्जा बचत और अन्य उपायों के जरिए कार्बन उत्सर्जन को कम करने की कोशिश की जा रही है।

आरसीबी टीम यात्रा, आवास और ऊर्जा खपत से जुड़े अपने कार्बन फुटप्रिंट का भी विस्तृत आकलन कर रही है। पूरे सीजन के दौरान मैच-दिवस पर सस्टेनेबिलिटी ऑडिट भी किए जाएंगे, जिनके आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0