अंडर-13 अस्मिता राष्ट्रीय फुटबॉल लीग 2025-26: कर्नाटक बना चैंपियन, पेनल्टी शूटआउट में पंजाब को हराया

17 Apr 2026 17:23:53
अंडर-13 कर्नाटक की टीम


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। अंडर-13 अस्मिता राष्ट्रीय फुटबॉल लीग 2025-26 का खिताब कर्नाटक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया। फाइनल में कर्नाटक ने मेजबान पंजाब को रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

महिलपुर में खेले गए फाइनल मुकाबले में कर्नाटक की शुभथ्रा ए ने 31वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन पंजाब की तनवीर कौर ने 38वें मिनट में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जहां मधुमेथा के ने निर्णायक गोल कर कर्नाटक को चैंपियन बना दिया।

कर्नाटक ने ग्रुप-बी में अपने अभियान की शुरुआत राजस्थान पर 2-1 की जीत के साथ की थी। इसके बाद झारखंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला और असम को 3-0 से हराकर नॉकआउट चरण में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में कर्नाटक ने मिजोरम को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस राष्ट्रीय चरण में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया, जिन्हें दो समूहों में बांटा गया था। प्रत्येक समूह की शीर्ष दो टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

इससे पहले 2025-26 सत्र की शुरुआत सिटी लीग से हुई थी, जिसमें देशभर के 25 राज्य संघों ने भाग लिया। प्रत्येक सिटी लीग में आठ टीमों ने 9-ए-साइड प्रारूप में मुकाबले खेले। इस चरण में कुल 392 टीमों और 6500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

सिटी लीग से टीमें जोनल राउंड में पहुंचीं, जहां 20 टीमों और 280 खिलाड़ियों ने राउंड-रॉबिन प्रारूप में मुकाबले खेले। यहां से सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों ने राष्ट्रीय चरण के लिए क्वालीफाई किया। कर्नाटक की यह जीत जमीनी स्तर पर फुटबॉल के विकास और प्रतिभाओं के उभरने का एक शानदार उदाहरण है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0