
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)।भारतीय अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम ने रूस दौरे का समापन हार के साथ किया। सोची के मात्सेस्टा फुटबॉल सेंटर में शुक्रवार को खेले गए तीसरे और अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में मेजबान रूस ने भारत को 3-0 से पराजित किया।
पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं, लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत में ही रूस ने बढ़त बना ली। 46वें मिनट में वैलेरिया मेन्याइलोवा ने गोल कर रूस को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 80वें मिनट में पोलिना फ्रोलोवा ने बढ़त दोगुनी की और इंजरी टाइम (90+2) में अन्ना बिखानोवा ने तीसरा गोल कर मैच पर रूस की मुहर लगा दी।
मैच के 82वें मिनट में भारत की जूलन नोंगमैथम को दूसरा येलो कार्ड मिलने के बाद मैदान से बाहर जाना पड़ा, जिससे टीम 10 खिलाड़ियों तक सिमट गई और अंत में दबाव झेल नहीं सकी।
इटली की कोच पामेला कोंटी के मार्गदर्शन में खेल रही भारतीय टीम ने इस तीन मैचों की सीरीज को अगले महीने होने वाले एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2026 की तैयारी के तौर पर खेला। भारत को पहले मैच में 0-4 और दूसरे मैच में 0-3 से हार मिली थी, जिससे यह दौरा चुनौतीपूर्ण लेकिन सीख से भरपूर रहा।
मुकाबले में भारतीय टीम के डिफेंस ने पहले हाफ में बेहतर प्रदर्शन किया और रूसी खिलाड़ियों को ज्यादा मौके नहीं दिए। गोलकीपर मुन्नी ने भी कुछ अहम बचाव किए। हालांकि, आक्रमण में भारतीय टीम प्रभावी नहीं रही और मिले मौकों को भुना नहीं सकी।
दूसरे हाफ में भारत ने कुछ अच्छे मौके बनाए। 63वें मिनट में दिव्यानी लिंडा के लंबे थ्रो के बाद जूलन का जोरदार शॉट रूसी गोलकीपर ने बचा लिया। 70वें मिनट में भी जूलन एक और मौके को गोल में नहीं बदल सकीं।
इसके बाद रूस ने मैच पर पकड़ मजबूत करते हुए दो और गोल किए और जीत सुनिश्चित की।
अब भारत की अंडर-17 महिला टीम एएफसी अंडर-17 महिला एशियन कप 2026 में ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया (2 मई), जापान (5 मई) और लेबनान के खिलाफ मुकाबले खेलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे