
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी 0.12 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी पोर्ट्स, मारुति सुजुकी, आईटीसी, ट्रेंट लिमिटेड और टीएमपीवी के शेयर 1.60 प्रतिशत से लेकर 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचडीएफसी लाइफ, विप्रो, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक्नोलॉजी और बजाज ऑटो के शेयर 3.51 प्रतिशत से लेकर 0.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,696 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,966 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 730 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 13 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और 24 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 12.55 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 77,976.13 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल भी ऊपर नीचे होने लगी। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स उछल कर 78,169.61 अंक के स्तर तक पहुंचा, वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 77,726.23 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 151.09 अंक की उछाल के साथ 78,139.77 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 30.85 अंक टूट कर 24,165.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद इस सूचकांक की चाल में उतार चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी उछल कर हरे निशान में 24,238.55 अंक तक पहुंचा। दूसरी ओर, बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक गिर कर 24,096.05 अंक के स्तर तक आ गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 28.80 अंक की मजबूती के साथ 24,225.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 122.56 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,988.68 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 34.55 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,196.75 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक