नेपाल का अन्नपूर्णा आधार शिविर : प्राकृतिक सौंदर्य की अद्भुत छटा

युगवार्ता    18-Apr-2026
Total Views |
नेपाल में अवस्थित विश्व प्रसिद्ध अन्नपुर्णा पदमार्ग


काठमांडू, 18 अप्रैल (हि.स.)। दुनिया के प्रमुख ट्रेकिंग गंतव्यों में शामिल अन्नपूर्णा बेस कैंप इन दिनों पदयात्रियों की पहली पसंद बना हुआ है। समुद्र तल से करीब 4,130 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह क्षेत्र अपनी अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी दृश्य और रोमांचकारी मार्गों के लिए प्रसिद्ध है।

इस यात्रा की शुरुआत फेवाताल के मनमोहक रात्रिकालीन दृश्यों से होती है, जो पर्यटकों के लिए किसी सपने से कम नहीं लगता। शांत जल में झिलमिलाती रोशनी और आसपास की पहाड़ियों का प्रतिबिंब यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर देता है।

ट्रेक के दौरान ऊंचाई-निचाई वाले रास्ते, पत्थरों की सीढ़ियां और गहरी घाटियों से होकर गुजरना पड़ता है। रास्ते में बहते झरनों की मधुर ध्वनि और साफ नीले पानी की धाराएं थकान को दूर कर देती हैं और सफर को और आनंददायक बनाती हैं।

हिमालय की गोद में पहुंचते ही अन्नपूर्णा हिमाल और माछापुच्छ्रे हिमाल जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्वतों के दर्शन होते हैं, जो पदयात्रियों को रोमांचित कर देते हैं। करीब 4,060 मीटर की ऊंचाई पर स्थित कागभुसुंडी डांडा से दिखाई देने वाले दृश्य वास्तव में अद्वितीय होते हैं।

बर्फ से ढके शिखर, बादलों से घिरे पहाड़ और ठंडी हवाओं के बीच यात्री बर्फ के पुतले बनाकर भी आनंद लेते हैं, जिससे यह यात्रा और यादगार बन जाती है। यह क्षेत्र जैविक विविधता से भी समृद्ध है, जहां अल्पाइन फूल, पहाड़ी वनस्पतियां और चट्टानों के बीच उगने वाली काई प्रकृति की विविधता को दर्शाती हैं।

साथ ही, बर्फ में खेलते स्थानीय भोटे समुदाय और रंग-बिरंगे ‘लुंगता’ (प्रार्थना झंडे) इस यात्रा में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रंग भरते हैं। ट्रेक के दौरान विभिन्न कैंपिंग स्थलों पर रंग-बिरंगे टेंट में रात बिताने का अनुभव भी बेहद खास होता है।

कुल मिलाकर, अन्नपूर्णा बेस कैंप की यह पदयात्रा केवल एक ट्रेक नहीं, बल्कि प्रकृति के करीब जाने, आत्म-अनुभूति प्राप्त करने और हिमालय की भव्यता को महसूस करने का एक अनूठा अवसर है, जिसे यहां पहुंचने वाला हर यात्री जीवनभर याद रखता है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags