ऑस्ट्रेलियाई जूनियर एथलेटिक्स: गाउट गाउट ने 100 मीटर खिताब जीता, राष्ट्रीय रिकॉर्ड से चूके

18 Apr 2026 13:32:53
ऑस्ट्रेलियाई जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उभरते हुए धावक गाउट गाउट


ब्रिस्बेन, 18 अप्रैल (हि.स.)। ऑस्ट्रेलियाई जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उभरते हुए धावक गाउट गाउट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर दौड़ का खिताब अपने नाम किया। 18 वर्षीय स्प्रिंटर ने 10.21 सेकंड का समय लेकर फाइनल जीता, हालांकि वह राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए।

गाउट की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 50 मीटर तक वह दूसरे स्थान पर थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए जेवियर पीकॉक (10.35 सेकंड) और उवेजो लुबेंडा (10.37 सेकंड) को पीछे छोड़ दिया। जीत के अंतिम क्षणों में उन्होंने दर्शकों की ओर हाथ हिलाकर जश्न भी मनाया।

इस जीत के साथ गाउट ने अगस्त में अमेरिका के यूजीन में होने वाली विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। हालांकि, उनका लक्ष्य 10 सेकंड के भीतर दौड़ पूरी करने का था, जिसे वह हासिल नहीं कर सके।

गौरतलब है कि गाउट का समय ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्रीय रिकॉर्ड (9.93 सेकंड), जो पैट्रिक जॉनसन ने 2003 में बनाया था, से पीछे रह गया।

हाल ही में गाउट ने 200 मीटर में अंडर-20 विश्व रिकॉर्ड बनाकर सुर्खियां बटोरी थीं। उन्होंने 19.67 सेकंड का समय निकालकर एरियन नाइटन के रिकॉर्ड को तोड़ा और महान धावक उसेन बोल्ट के जूनियर स्तर के समय को भी पीछे छोड़ दिया।

अपने प्रदर्शन पर गाउट ने कहा, “शुरुआत अच्छी नहीं थी, लेकिन मैं जीत के लिए दौड़ा। ज्यादा दर्शक होने से दबाव बढ़ता है, लेकिन वही आपको और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0