कोयंबटूर में आज प्रधनमंत्री की जनसभा, राजग उम्मीदवारों के लिए मांगेंगे समर्थन

18 Apr 2026 15:07:53
modi


कोयंबटूर, 18 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान अपने चरम पर पहुंच गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों के समर्थन में देश के कई बड़े नेता चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कोयंबटूर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली से विशेष विमान द्वारा शाम को कोयंबटूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग के जरिए कोडिसिया मैदान जाएंगे, जहां राजग की ओर से जनसभा आयोजित की गई है।

यह जनसभा शाम करीब 5 बजे शुरू होकर लगभग एक घंटे तक चलेगी। इसमें प्रधानमंत्री गठबंधन उम्मीदवारों के समर्थन में लोगों से वोट की अपील करेंगे। चुनावी माहौल के बीच उनके संबोधन को लेकर राजनीतिक हलकों में खास उत्सुकता बनी हुई है।

जनसभा में एडप्पडी के. पलानीस्वामी, नैनार नागेंद्रन, अन्नामलाई और वानथी श्रीनिवासन सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कोयंबटूर हवाई अड्डे से लेकर जनसभा स्थल तक तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसमें विशेष सुरक्षा बल, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और जिला पुलिस तैनात की गई है। करीब 3000 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र को कड़ी निगरानी में रखा गया है।

जनसभा समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से वापस हवाई अड्डे जाएंगे और वहां से विशेष विमान द्वारा दिल्ली लौटेंगे। चुनाव से ठीक पहले इस रैली को राजग के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो राज्य के सियासी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता पहले से ही प्रचार में सक्रिय हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Powered By Sangraha 9.0