इंडी गठबंधन ने ताकत दिखाई इसीलिए महिला आरक्षण नहीं, परिसीमन विधेयक रोका गया : अभिषेक बनर्जी

18 Apr 2026 15:42:53
अभिषेक बनर्जी


कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को दावा किया कि विपक्षी इंडी गठबंधन ने एकजुट होकर केंद्र सरकार के संवैधानिक संशोधन प्रयासों को रोक दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिला आरक्षण विधेयक नहीं, बल्कि परिसीमन विधेयक को रोका गया है।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुर्शिदाबाद में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चाहकर भी संविधान नहीं बदल पाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की एकता के कारण केंद्र सरकार अपने प्रस्ताव को पारित नहीं करा सकी।

इससे पहले अभिषेक बनर्जी ने फरक्का और सामशेरगंज विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो किया। अल-अमान शिक्षा मिशन मैदान से फरक्का के जिगरी मोड़ तक निकाले गए रोड शो में बड़ी संख्या में समर्थक उमड़े। सड़क किनारे ही नहीं, घरों की छतों और बालकनियों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई।

रोड शो के बाद आयोजित सभा में उन्होंने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर पर निशाना साधा। बाद में लालबाग सिंही उच्च विद्यालय मैदान में तृणमूल प्रत्याशी शाओनी सिंह राय के समर्थन में आयोजित सभा में उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर हमला बोला।

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार देश को बांटने की राजनीति कर रही थी, लेकिन तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी दलों ने मिलकर उसे विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि संविधान को बदलने नहीं दिया गया और यही जनता की ताकत है।

मतदाता सूची से नाम कटने के मुद्दे पर उन्होंने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिन लोगों के नाम हटे हैं, उन्हें जल्द पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।

गंगा कटाव के मुद्दे पर अभिषेक बनर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कई बार केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कांग्रेस पर भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0