बांकुड़ा में योगी आदित्यनाथ का शक्ति प्रदर्शन, समर्थकों की भीड़ उमड़ी, बोले- बंगाल में कमल खिलेगा

युगवार्ता    18-Apr-2026
Total Views |
योगी आदित्यनाथ


बांकुड़ा, 18 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना के समर्थन में भव्य जनसंपर्क यात्रा निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों पर उमड़ पड़े और जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत में लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की। मार्ग के दोनों ओर खड़े समर्थकों ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। कई स्थानों पर लोगों ने धार्मिक और राजनीतिक नारे लगाए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में भी उत्साह देखा गया। अनेक लोग मकानों की छतों और बालकनियों से यात्रा को देखते रहे।

योगी आदित्यनाथ ने वाहन से हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है और आगामी चार मई को राज्य में नया राजनीतिक संदेश मिलेगा।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में पहचाना जाता है, लेकिन पिछले वर्षों में इसकी पहचान को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में सुरक्षा, रोजगार, किसानों के हित, महिलाओं की सुरक्षा और तेज विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है।

उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह संकेत दे रहा है कि इस बार बंगाल में कमल खिलेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags