भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर 20 अप्रैल से वाशिंगटन में होगी वार्ता

19 Apr 2026 18:01:53
भारत-अमेरिका के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण पर तीन दिन की वार्ता के लिए भारत के लगभग एक दर्जन अधिकारी 20 अप्रैल को वाशिंगटन पहुंचेंगे। दोनों पक्ष उस समझौते पर फिर से विचार कर सकते हैं, जिसका मसौदा 7 फरवरी को जारी किया गया था।

सूत्रों ने बताया कि यह बैठक 20-22 अप्रैल तक वाशिंगटन डीसी में होगी। भारत के मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन इस टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। साथ ही सीमा शुल्क और विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी भारतीय दल का हिस्सा होंगे। इसके अलावा अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की जांच पर विचार-विमर्श हो सकता है। भारत ने व्यापार कानून की धारा 301 के तहत इन जांच में लगाए गए आरोपों को कड़ाई से खारिज करके जांच को खत्म करने का अनुरोध किया है।

अमेरिका पुराने शुल्क ढांचे के अनुसार भारत पर शुल्क 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने पर सहमत हुआ था। उसने रूसी तेल खरीदने के लिए भारतीय वस्तुओं पर लगाए 25 फीसदी अतिरिक्त शुल्क को हटा दिया था और बाकी 25 फीसदी को समझौते के तहत घटाकर 18 फीसदी करना था। हालांकि, इसके बाद 20 फरवरी को अमेरिकी शीर्ष अदालत ने ट्रंप के जवाबी शुल्क के खिलाफ फैसला सुनाया था। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने 24 फरवरी से सभी देशों पर 10 फीसदी शुल्क का ऐलान किया। इन बदलावों के कारण फरवरी में होने वाली मुख्य वार्ताकारों की बैठक स्थगित कर दी गई थी, जिसके बाद अब वे 20 अप्रैल को वाशिंगटन में मिल रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0