
वाराणसी, 19 अप्रैल (हि. स.)। वाराणसी में रविवार को पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन और मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल में अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रशासन और आर.वी.एन.एल के बीच खेले गए मैच में प्रशासन की टीम विजेता रही।
पहले आर.वी.एन.एल की टीम ने बैटिंग किया और निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन बनाए। आर.वी.एन.एल की तरफ से चंचल यादव ने 58 बाल पर 11 चौके और 5 छक्के की मदद से 101 रन, ज्ञान वर्मा ने 25 और कार्तिकेय पाठक ने 18 रन बनाए। प्रशासन की तरफ से कलाम अली खान ने चार ओवर में 24 रन लेकर तीन विकेट लिए राकेश, असलम और आशीष को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रशासन की टीम ने 12.5 ओवर में दो विकेट पर 195 रन बनाकर आठ विकेट से मैच जीत लिया।
वही, प्रशासन की तरफ से आशीष यादव ने 30 बाल पर 7 चौके और पांच छक्के की मदद से 66 रन, ऋषि कपूर ने 27 बाल पर छह चौके और छह छक्के की मदद से 65 रन, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने सात बाल पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 21 रन और असलम ने 16 रन बनाए। आर.वी.एन.एल की तरफ से चंचल यादव और अमितोष राय को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।
मैच के अंत में प्रशासन के कलाम अली खान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आर.वी.एन.एल के ए.जी.एम सत्य प्रकाश यादव द्वारा दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद