महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल

19 Apr 2026 14:24:53
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत प्रेसवार्ता के दौरान महिला आरक्षण मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए।


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण पर 131 वां संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिरने के बाद सियासत तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शनिवार शाम विपक्षी दलों पर लगाए गए आरोपों के बाद कांग्रेस ने पलटवार किया है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सरकार से सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार महिला आरक्षण के पक्ष में है, तो 543 लोकसभा सीटों में एक-तिहाई यानी 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित क्यों नहीं की जा रही।

उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष लगातार सरकार से मांग कर रहा है कि वह सदन में विधेयक लाकर महिला आरक्षण को प्रभावी बनाए और इसमें किसी प्रकार की शर्तें न रखे। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार का पूरा समर्थन करने को तैयार है।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने में सरकार ही बाधा बन रही है। यह विधेयक पहले ही संसद से पारित होकर संविधान का हिस्सा बन चुका है लेकिन इसके क्रियान्वयन में देरी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0