अनुराग कपिल ने एनएमडीसी में निदेशक वित्त का पदभार संभाला

02 Apr 2026 17:22:53
अनुराग कपिल का फाइल फोटो


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स)। भारतीय रेलवे लेखा सेवा (आईआरएएस) के 1998 बैच के अधिकारी अनुराग कपिल ने भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड में निदेशक (वित्त) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है।

इस्पात मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि अनुराग कपिल ने भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड में मंगलवार को निदेशक (वित्त) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कपिल के पास भारतीय रेलवे और सीपीएसयू में 26 वर्षों से अधिक के करियर के साथ वित्तीय प्रबंधन और सार्वजनिक क्षेत्र के अभिशासन में परिचालन विशेषज्ञता तथा रणनीतिक विजन का अनुभव है।

मंत्रालय ने बताया कि उन्होंने भारतीय रेलवे में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, एफए एंड सीएओ (ट्राफिक), एफए एंड सीएओ (वित्त एवं जनरल) तथा उप मुख्य सतर्कता अधिकारी सहित प्रमुख पदों पर कार्य किया है। उन्होंने कोयला मंत्रालय में निदेशक के रूप में भी कार्य किया है तथा कार्य के दौरान मंत्रालय में महत्वपूर्ण नीति और क्षेत्रीय कार्यों का भी सुव्यवस्थित रूप से संचालन किया है।

इस्पात मंत्रालय के मुताबिक एनएमडीसी में कार्यग्रहण से पूर्व वे रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक, वित्त (व्यय) के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने भारतीय रेलवे के लिए वित्तीय नीति मामलों, व्यय प्रबंधन, योजना, परियोजना निगरानी तथा उत्पादकता विश्लेषण का दायित्व भी निभाया था। उन्होंने रेलवे के सभी सीपीएसई में पूंजी पुनर्गठन, समझौता ज्ञापनों, विनिवेश प्रस्तावों और वित्तीय अनुमोदन से संबंधित पहल सहित पीएसयू अभिशासन को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0