
जोरहाट (असम), 02 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुरुवार को असम पहुंचे कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर राजनीतिक हमले किये।
जोरहाट जिला के तिताबर में आयोजित एक चुनाव प्रचार सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर जो भूमि आप लोगों से छीनी गई है, वह वापस दी जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री को माफी मांगनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हम आपके जरिए उन्हें एक संदेश देना चाहते हैं, भले ही हिमंत बिस्व सरमा माफी मांग लें, हम उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। मुख्यमंत्री और उनके परिवार द्वारा किया गया भ्रष्टाचार का परिणाम एक दिन उन्हें भुगतना ही पड़ेगा।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत डॉ. सरमा को सुरक्षा नहीं दे सकती। मैं जो कहता हूं, उसे करके दिखाऊंगा। यह भूमि महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की भूमि, डॉ. भूपेन हजारिका की भूमि, जुबिन गर्ग की भूमि है। असम उनकी आत्मा में था, असम के लिए इन महान लोगों ने सब कुछ दिया। सभी ने हिंसा से परहेज करके एकजुट रहने का संदेश दिया। लेकिन आपके मुख्यमंत्री इस सोच से बहुत दूर हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि हिंसा, भ्रष्टाचार और डर फैलाना मुख्यमंत्री का मुख्य उद्देश्य है। जुबिन गर्ग ने सभी की मदद की, प्रेम-भाईचारे की बात कही। ऐसे में देखा जाए तो एक ओर जुबिन गर्ग हैं तो ठीक उसके विपरीत मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने चाय मजदूरों को 350 रुपये मजदूरी का वादा किया था। लेकिन 350 रुपये मजदूरी आपको मिली है या नहीं, यह एक सवाल है।
उन्होंने कहा कि हिमंत बिस्व सरमा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री ने आडानी को 18 हजार बीघा, अंबानी को 13 हजार बीघा भूमि, पतंजलि को 6 हजार बीघा भूमि दी। असम में बड़े सिंडिकेट का शासन चल रहा है।
वहीं, प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका की अनुमति के बिना ईंधन खरीदने का अधिकार प्रधानमंत्री के पास नहीं है। ऐसा एक भविष्य की ओर हमें प्रधानमंत्री धकेल रहे हैं। भारत के सभी व्यवसाय बंद हो जाएंगे। अमेरिका ने भारत से सब कुछ निकाल लिया, लेकिन भारत को कुछ नहीं दिया। साथ ही कहा कि असम दिल्ली से संचालित हो रहा है, असम पर मुख्यमंत्री का नियंत्रण नहीं है।
राहुल गांधी ने इस बार के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की पांच गारंटी की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला के खाते में प्रति माह नकद धन जमा होगा। प्रत्येक महिला को 50 हजार रुपए आत्मनिर्भर बनने के लिए दिये जाएंगे। इसके साथ ही भूमि पट्टा प्रदान किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों को प्रति माह 1250 रुपए की पेंशन दी जाएगी। इसके लिए एक विशेष मंत्रालय बनाया जाएगा। प्रत्येक परिवार को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा देने की गारंटी होगी। साथ ही जुबिन गर्ग, तरुण गोगोई के आदर्शों के अनुसार हमें आगे बढ़ना होगा।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय