ब्रह्मपुत्र के तट को मुंबई के मरीन ड्राइव की तर्ज पर विकसित किया जाएगा : नितिन गडकरी

02 Apr 2026 21:15:53
Union Minister Nitin Gadkari addressing in election meeting in Guwahati on Thursday.


गुवाहाटी, 02 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि ब्रह्मपुत्र नद के किनारे को मरीन ड्राइव, मुंबई की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सुंदरता और पर्यटन क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

गडकरी ने यह बात गुवाहाटी के फैंसी बाजार में भाजपा उम्मीदवार विजय गुप्ता के समर्थन में आयोजित चुनाव प्रचार के दौरान कही। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार असम में बुनियादी ढांचे के विकास और शहरी सौंदर्यीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि ब्रह्मपुत्र के तट को आधुनिक और सुव्यवस्थित रूप से विकसित करने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं भी मिलेंगी।

केंद्रीय मंत्री ने सरकार की विभिन्न विकासात्मक पहलों का उल्लेख करते हुए मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की, ताकि राज्य में विकास की गति बनी रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Powered By Sangraha 9.0