अमरावती विधेयक को मंजूरी पर नारा लोकेश ने केंद्र का जताया आभार, वाईएसआरपी पर साधा निशाना

02 Apr 2026 19:14:53
नारा लोकेश


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। संसद से आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक को मंजूरी मिलने पर आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक जीत बताया।

दिल्ली में गुरुवार को पत्रकार वार्ता कर नारा लोकेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और देश के नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि उनके समर्थन से अमरावती को आंध्र प्रदेश की एकमात्र और स्थायी राजधानी बनाने का रास्ता साफ हुआ है।

नारा लोकेश ने कहा कि पिछले 20 महीनों में किसानों के बीच भ्रम और डर का माहौल बनाया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने यह संकल्प लिया कि अमरावती को स्थायी राजधानी घोषित किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी मदद से विधेयक को दिल्ली लाया गया, सभी प्रक्रियाएं पूरी की गईं और इसे लोकसभा व राज्यसभा दोनों में पारित कराया गया।

लोकेश ने वाईएसआरसीपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के स्पष्ट जनादेश के बावजूद एक पार्टी ने संसद के दोनों सदनों से वॉकआउट किया।

उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह रुख जनता की भावना के खिलाफ है। लोकेश ने इस निर्णय को खासतौर पर अमरावती के किसानों की जीत बताया, जिन्होंने अपनी जमीन देकर और कठिनाइयों का सामना करते हुए इस परियोजना को जिंदा रखा।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश एक विभाजित राज्य के रूप में 16,000 रुपये करोड़ के घाटे के साथ शुरू हुआ था और अभी उसे सहयोग की आवश्यकता है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि एक कार्यकाल के भीतर राज्य मजबूत बनकर देश के विकास में योगदान देगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0