
नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)।साइप्रस में खेले जा रहे फिडे कैंडिडेट्स 2026 के राउंड 4 में उज़्बेकिस्तान के युवा ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व नंबर-3 फैबियानो कारुआना को हराकर अंक तालिका में एकल बढ़त हासिल कर ली।
सिंदारोव ने मुकाबले में 27.d5 की सटीक चाल के साथ केंद्र में जोरदार ब्रेक किया, जिससे खेल का रुख पूरी तरह उनके पक्ष में हो गया। इसके बाद Rxf5 जैसी महत्वपूर्ण चाल ने कारुआना को रक्षात्मक स्थिति में धकेल दिया। काले मोहरों के साथ खेल रहे कारुआना …Kh8 के बाद पूरी तरह बचाव में नजर आए, जबकि सिंदारोव ने Qg4+, Bd4+ और Rc5 जैसी सटीक चालों के दम पर लगातार दूसरा जीत दर्ज की।
अन्य मुकाबलों में जर्मनी के मथियास ब्लूबाउम और भारत के आर प्रज्ञानानंद के बीच कड़ा मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों खिलाड़ी अंक तालिका में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
महिला वर्ग में भारत की आर वैशाली ने भी ड्रॉ खेला। उनके मुकाबले में स्थिति पूरी तरह जटिल हो गई थी, जहां किसी भी तरह का प्यादा ब्रेक या किंग को सक्रिय करना जोखिम भरा साबित हो सकता था। अंततः तीन बार समान स्थिति बनने पर मुकाबला ड्रॉ घोषित किया गया। वैशाली अब तक टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई हैं।
वहीं, भारत की दिव्या देशमुख को इस राउंड में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन की झू जिनेर ने पराजित किया। दिव्या ने 21वीं चाल के आसपास अपनी क्वीन को केंद्र में लाकर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन समय के दबाव में a4 चलना महंगा साबित हुआ, जबकि Re6 बेहतर विकल्प था। इसके बाद उन्हें अंततः हार माननी पड़ी।
महिला वर्ग के अन्य मुकाबलों में अन्ना मुज़िचुक ने कटरीना लाग्नो को हराया, जबकि बिबिसारा अस्सौबायेवा और तान झोंगयी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।
दिन के अंतिम मुकाबले में हिकारू नाकामुरा और वेई यी के बीच भी अंक बांटे गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे