शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में दिखी जबरदस्त कमजोरी, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

02 Apr 2026 10:29:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आक्रामक रुख की वजह से दुनिया भर के बाजार की घबराहट का असर आज घरेलू शेयर बाजार में भी शुरुआती कारोबार के दौरान नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की गिरावट बढ़ती चली गई। हालांकि खरीदारों ने बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की। इसके बावजूद शेयर बाजार की चाल पर कोई खास असर नहीं पड़ सका। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 2.04 प्रतिशत और निफ्टी 2.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज प्रातः 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सिर्फ टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। ये दोनों सुबह दस बजे तक 0.25 प्रतिशत से लेकर 0.18 प्रतिशत की बढ़त बनाए हुए थे। दूसरी ओर, इंटरग्लोब एवियशन, सन फार्मास्यूटिकल्स, अदानी पोर्ट्स, श्रीराम फाइनेंस और लार्सन एंड टूब्रो के शेयर 4.28 प्रतिशत से लेकर 3.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,711 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 398 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 2,313 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ दो शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 28 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से सिर्फ दो शेयर हरे निशान में और 48 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 872.27 अंक की कमजोरी के साथ 72,262.05 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की गिरावट और बढ़ गई। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की कोशिश भी करते रहे। इसके बावजूद इस सूचकांक की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ सका। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1,492.97 अंक टूट कर 71,641.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 296 अंक फिसल कर 22,383.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। हालांकि कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली का जोर भी बनाया, जिसकी वजह से पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद निफ्टी मामूली सुधार के साथ 22,394.65 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद एक बार फिर चौतरफा बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की कमजोरी दोबारा बढ़ने लगी। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 481.65 अंक की गिरावट के साथ 22,197.75 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 1,186.77 अंक यानी 1.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ 73,134.32 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 348 अंक यानी 1.56 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,679.40 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0