गुड फ्राइडे के मौैके पर दुनिया के ज्यादातर स्टॉक मार्केट में कल छुट्टी, घरेलू शेयर बाजार में भी नहीं होगी ट्रेडिंग

02 Apr 2026 19:01:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 02 अप्रैल (हि.स.)। कल गुड फ्राइडे की वजह से दुनिया भर के शेयर बाजार में छुट्टी रहेगी। घरेलू शेयर बाजार में भी कल गुड फ्राइडे की छुट्टी है। इस तरह निवेशकों और कारोबारियों को लगातार तीन दिन का लंबा वीकेंड मिलने वाला है। तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे, 4 अप्रैल को शनिवार और 5 अप्रैल को रविवार होने की वजह से अब अगले सप्ताह 6 अप्रैल यानी सोमवार से स्टॉक मार्केट में रेगुलर ट्रेडिंग होगी।

स्टॉक एक्सचेंज के अनुसार तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी होने के कारण बीएसई में इक्विटी सेगमेंट, इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट, करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट्स, न्यू डेट सेगमेंट- रिपोर्टिंग, सेटलमेंट एंड ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म (एनडीएस-आरएसटी), ट्राई पार्टी रेपो, इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स (ईजीआर), कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट सभी के लिए ट्रेडिंग हॉलिडे है। इसी तरह एनएसई में भी इक्विटीज, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कॉरपोरेट बॉन्ड्स, न्यू डेट सेगमेंट्स, निगोशिएटेड ट्रेड रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म, म्यूचुअल फंड्स, सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग (एसएलबी) स्कीम्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इंट्रेस्ट रेट डेरिवेटिव्स सभी सेगमेंट्स में छुट्टी रहेगी।

गुड फ्राइडे की छुट्टी के कारण तीन अप्रैल यानी कल कमोडिटी मार्केट भी पूरी तरह से बंद रहेंगे। इस मौके पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) और नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) में भी पूरे दिन कोई ट्रेडिंग नहीं होगी। यानी सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होने वाली पहले सत्र की ट्रेडिंग और शाम पांच बजे से रात 11:55 बजे तक होने वाली दूसरे सत्र की ट्रेनिंग बंद रहेगी।

स्टॉक मार्केट द्वारा जारी हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार साल 2026 में जनवरी से लेकर दिसंबर तक शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा कुल 16 दिन छुट्टी की घोषणा की गई है। इसके अनुसार कल यानी तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी होने के बाद 14 अप्रैल को डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर जयंती के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा। इसी तरह एक मई को महाराष्ट्र दिवस के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा, जबकि 28 मई को स्टॉक मार्केट में बकरीद की छुट्टी रहेगी। जून महीने में सिर्फ एक दिन 26 जून को मोहर्रम के कारण स्टॉक मार्केट में कारोबार नहीं होगा।

इस हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक जुलाई और अगस्त में स्टॉक मार्केट में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा और कोई छुट्टी नहीं होगी। सितंबर महीने में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी की छुट्टी होगी, जबकि अक्टूबर में 2 तारीख को महात्मा गांधी जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा।

इसी महीने 20 तारीख को स्टॉक मार्केट में दशहरा की छुट्टी होगी, जबकि 10 नवंबर को बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।

इस साल स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त शनिवार के दिन रहने वाला है। इसी तरह दीपावली आठ नवंबर को रविवार के दिन होगी। शनिवार और रविवार होने की वजह से इन दोनों दिनों को स्टॉक मार्केट के हॉलिडे कैलेंडर में शामिल नहीं किया गया है। दीपावली के दिन रविवार होने के बावजूद स्टॉक मार्केट में मुहूर्त ट्रेडिंग होगी। हालांकि मुहूर्त ट्रेडिंग का समय बाद में घोषित किया जाएगा।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0