करीब 13 साल बाद खुला इराक-सिरिया का राबिया बॉर्डर, ईंधन निर्यात और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

युगवार्ता    20-Apr-2026
Total Views |

बगदाद/दमिश्क, 20 अप्रैल (हि.स.)। करीब 13 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इराक ने सिरिया के साथ स्थित राबिया बॉर्डर क्रॉसिंग को फिर से खोल दिया है। अधिकारियों के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य जमीनी मार्ग से फ्यूल ऑयल के निर्यात को तेज करना और दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों को पुनर्जीवित करना है।

इराक के उत्तरी नीनवे प्रांत में स्थित यह सीमा चौकी अब ट्रकों के जरिए ईंधन की आपूर्ति को सिरिया तक पहुंचाने में मदद करेगी। साथ ही, लंबे समय से बंद पड़े व्यापारिक मार्ग को भी दोबारा शुरू किया गया है। सिरिया की ओर इस क्रॉसिंग को यारुबिया के नाम से जाना जाता है, और इसके खुलने के साथ अब दोनों देशों के बीच सभी प्रमुख सीमा मार्ग सक्रिय हो गए हैं।

यह मार्ग पहले इराक और सिरिया के बीच प्रमुख व्यापारिक रास्ता हुआ करता था, लेकिन 2014 में आईएसआईएस के उभार और उसके कब्जे के बाद इसे बंद कर दिया गया था। बाद में आतंकियों की हार के बावजूद यह क्रॉसिंग लंबे समय तक बंद ही रही और केवल सीमित मानवीय सहायता के लिए इस्तेमाल होती रही।

सीमा प्राधिकरण के प्रमुख ओमर अल-वाएली ने इसे “रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण” बताते हुए कहा कि इसके दोबारा खुलने से सिरिया को ईंधन आपूर्ति में राहत मिलेगी। फिलहाल अधिकांश ट्रकों को पश्चिमी इराक के अल-वलीद बॉर्डर पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा था, जो अब तक एकमात्र सक्रिय मार्ग था।

दरअसल, खाड़ी क्षेत्र में समुद्री मार्गों पर असर और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के चलते इराक के तेल निर्यात पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे में इराक की सरकारी तेल विपणन कंपनी एसओएमओ ने वैकल्पिक रास्तों की ओर रुख किया है और जमीनी मार्ग से निर्यात को बढ़ाने की रणनीति अपनाई है।

अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में ईंधन से भरे टैंकर ट्रकों के काफिले इस मार्ग से गुजरना शुरू करेंगे, जिससे निर्यात क्षमता बढ़ेगी। हालांकि, इस बढ़ती आवाजाही से इराक के ट्रांसपोर्ट और सीमा ढांचे पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags