प्रधानमंत्री मंगलवार को राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी का करेंगे उद्घाटन

20 Apr 2026 12:58:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को राजस्थान के दौरे पर जाएंगे, जहां वे बालोतरा के पचपदरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वे एक सार्वजनिक सभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार पीएम मोदी 21 अप्रैल को सुबह लगभग 11:30 बजे, बालोतरा के पचपदरा में भारत की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारत के ऊर्जा और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उद्यम के रूप में विकसित इस 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष (एमएमटीपीए) क्षमता वाले ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की स्थापना 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से की गई है।

यह अत्याधुनिक कॉम्प्लेक्स रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल उत्पादन को एकीकृत करता है, जिसकी पेट्रोकेमिकल क्षमता 2.4 एमएमटीपीए है। इस रिफाइनरी का नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स 17.0 है और पेट्रोकेमिकल उत्पादन 26 प्रतिशत से अधिक है, जो वैश्विक मानकों के अनुरूप है।

यह परियोजना देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही यह क्षेत्र में पेट्रोकेमिकल और प्लास्टिक पार्क के विकास के लिए आधार तैयार करेगी, जिससे डाउनस्ट्रीम उद्योगों और सहायक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा यह रिफाइनरी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

--------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0