पश्चिम बंगाल में राजनाथ सिंह ने कहा- भाजपा सत्ता में आई तो गुंडाराज समाप्त किया जाएगा

युगवार्ता    20-Apr-2026
Total Views |
राजनाथ सिंह


कोलकाता, 20 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती है, तो राज्य में गुंडाराज का अंत किया जाएगा। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, भय और हिंसा का माहौल बनाने का आरोप लगाया।

बीरभूम जिले के सैंथिया में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त अवसर थे, लेकिन असामाजिक तत्वों ने पश्चिम बंगाल की स्थिति खराब कर दी। उन्होंने कहा कि एक समय राज्य में निवेशक आने को तैयार थे, लेकिन वर्तमान माहौल ने सब कुछ बदल दिया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो गुंडाराज समाप्त किया जाएगा। तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, इसे कोई नकार नहीं सकता। चेतावनी भरे स्वर में उन्हाेंने कहा कि अब जनता को तय करना है कि वह भय और आतंक का शासन चाहती है या उससे मुक्ति। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनी तो गुंडे या तो भाग जाएंगे या जेल के पीछे होंगे।

महिलाओं के मुद्दे पर भी उन्होंने तृणमूल कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के प्रयासों का विपक्षी दलों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की महिलाएं इस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को इसका जवाब देंगी।

रक्षा मंत्री ने दावा किया कि राज्य में विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उन्हें महसूस हुआ है कि जनता इस बार परिवर्तन चाहती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले देश की अर्थव्यवस्था में पश्चिम बंगाल की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 5 प्रतिशत से भी नीचे आ गई है। उन्होंने कहा कि राज्य को अब तत्काल बदलाव की जरूरत है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags