लंदन में संदिग्ध यहूदी-विरोधी आगजनी मामलों में आठ गिरफ्तार, जांच तेज

21 Apr 2026 20:35:53

लंदन, 21 अप्रैल (हि.स.)। ब्रिटेन की काउंटर-टेररिज्म पुलिस ने लंदन में संदिग्ध आगजनी की घटनाओं की जांच के दौरान आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, इन मामलों में एक ऐसे स्थल को निशाना बनाए जाने की आशंका है, जो यहूदी समुदाय से जुड़ा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, पिछले 48 घंटों में सात गिरफ्तारियां की गई हैं। यह कार्रवाई आगजनी की साजिश रचने के संदेह में चल रही जांच का हिस्सा है। हालांकि, पुलिस ने किसी विशेष स्थान की पहचान सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन यह स्पष्ट किया है कि संभावित लक्ष्य यहूदी समुदाय से संबंधित था।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अक्टूबर 2023 में इजराइल-गाजा युद्ध की शुरुआत के बाद से लंदन में यहूदी समुदाय से जुड़े स्थलों पर हमलों और खतरों में वृद्धि दर्ज की गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि ईरान से जुड़े तत्व आपराधिक नेटवर्क के जरिए ब्रिटेन में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि, हालिया गिरफ्तारियों का किसी विशेष संगठन से सीधा संबंध नहीं जोड़ा गया है।

पुलिस ने बताया कि 19 अप्रैल की शाम को लंदन के उत्तर में हार्पेंडेन इलाके से 24, 25 और 26 वर्ष के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके अलावा, 20 अप्रैल को स्टीवनेज से एक 25 वर्षीय व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, जबकि एक अन्य 26 वर्षीय पुरुष और 50 व 59 वर्ष की दो महिलाओं को बर्मिंघम के पास एक वाहन से गिरफ्तार कर लंदन लाया गया, जहां वे अभी भी पुलिस हिरासत में हैं।

21 अप्रैल की सुबह, पुलिस ने पश्चिमी लंदन में एक पते पर छापेमारी कर 39 वर्षीय व्यक्ति को टेररिज्म एक्ट 2000 के तहत गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पिछले सप्ताह केंसिंग्टन गार्डन में मिले संदिग्ध जार से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की गई।

एक अलग मामले में, उत्तरी लंदन के एक सिनेगॉग पर हुए हमले के बाद 17 वर्षीय एक किशोर ने आगजनी का अपराध स्वीकार कर लिया है। इस घटना में मामूली नुकसान हुआ और कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस के अनुसार, मार्च में यहूदी चैरिटी से जुड़ी एम्बुलेंसों पर हमले के बाद से अब तक कुल 23 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और किसी भी तरह की सांप्रदायिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0