इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। ईरान ने उन खबरों को ख़ारिज किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि अमेरिका के साथ संभावित वार्ता के लिए उसका कोई प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंचा है। तेहरान ने इन रिपोर्टों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत करार देते हुए स्पष्ट किया कि इस तरह की किसी भी बातचीत के लिए उसकी ओर से कोई आधिकारिक दल पाकिस्तान नहीं भेजा गया है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, देश की विदेश नीति पूरी तरह पारदर्शी है और इस तरह की संवेदनशील वार्ताओं को लेकर गलत सूचनाएं फैलाना गैर-जिम्मेदाराना है। मंत्रालय ने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर बातचीत की पहल होती है, तो उसकी जानकारी आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएगी।
दूसरी ओर, पाकिस्तान में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, इस प्रतिनिधिमंडल के दौरे का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन कूटनीतिक सूत्रों का मानना है कि क्षेत्रीय सुरक्षा, अफगानिस्तान की स्थिति और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर चर्चा हो सकती है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय