किसानों के मन में भरोसा रहना चाहिए कि उनका गेहूं जरूर खरीदा जाएगाः शिवराज

21 Apr 2026 16:49:53
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान


नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विदिशा संसदीय क्षेत्र में गेहूं उपार्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस बैठक में विशेषकर विदिशा, सांची, गंजबासौदा, बुधनी, भोजपुर, खातेगांव और इछावर समेत सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के विधायक एवं संबंधित जिलों के कलेक्टर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने खरीदी व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के साथ पूरा समन्वय करते हुए सभी खरीदी केन्द्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बारदाने (बोरे) की उपलब्धता, स्लॉट बुकिंग प्रणाली और किसानों की सुविधा से जुड़े हर पहलू पर सतर्कता बरती जाए।

इस अवसर पर शिवराज चौहान ने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी नहीं होनी चाहिए और उपार्जन प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित, सरल और किसान हितैषी बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि वे अधिकारियों से चर्चा कर खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने, खरीदी की मात्रा में वृद्धि करने, अधिक तौल कांटे लगाने और आवश्यकता पड़ने पर छुट्टी के दिन भी खरीदी जारी रखने जैसे विषय पर चर्चा करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि इस संबंध में, मध्यप्रदेश शासन और मुख्यमंत्री से भी विस्तृत चर्चा करेंगे, ताकि गेहूं खरीदी की सभी व्यवस्थाएं बेहतर और संतुलित ढंग से सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो इस दिशा में कृषि मंत्रालय काम कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0