ट्राई ने हरदोई-शाहजहांपुर में किया मोबाइल नेटवर्क टेस्ट

युगवार्ता    21-Apr-2026
Total Views |
ट्राई


नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने फरवरी महीने में उत्तर प्रदेश के हरदोई, शाहजहांपुर एवं आसपास के क्षेत्रों तथा वाराणसी से प्रयागराज रेलवे मार्ग पर किए गए मोबाइल नेटवर्क टेस्ट में जियो और एयरटेल को कॉल सेटअप सफलता दर और डेटा स्पीड में सबसे बेहतर पाया गया, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन आइडिया के नेटवर्क में कई स्थानों पर कमजोर सिग्नल की समस्या दर्ज की गई।

केंद्रीय संचार मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि फरवरी में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट में हरदोई, शाहजहांपुर और वाराणसी-प्रयागराज रेलवे मार्ग को शामिल किया गया। इसमें 426 किलोमीटर शहर मार्ग, 123.2 किलोमीटर रेलवे मार्ग और 4.2 किलोमीटर वॉक टेस्ट किया गया।

कॉल सेटअप सफलता दर में जियो 100 प्रतिशत, एयरटेल 99.86 प्रतिशत, वोडाफोन आइडिया 99.44 प्रतिशत और बीएसएनएल 91.23 प्रतिशत पर रहा। कॉल ड्रॉप दर में वोडाफोन आइडिया का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा, जहां दर शून्य रही।

डेटा सेवाओं में जियो ने औसतन 158.48 एमबीपीएस डाउनलोड स्पीड दर्ज की, एयरटेल 102.77 एमबीपीएस, वोडाफोन आइडिया 38.39 एमबीपीएस और बीएसएनएल 6.77 एमबीपीएस पर रहा। अपलोड स्पीड में भी जियो और एयरटेल आगे रहे। रिपोर्ट के अनुसार बीएसएनएल और वोडाफोन आइडिया के नेटवर्क में कई स्थानों पर कमजोर सिग्नल की समस्या रही।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags