ईरान को मदद भेजने के अमेरिकी आरोपों को चीन ने नकारा, जहाज को बताया विदेशी

22 Apr 2026 20:13:53

बीजिंग, 22 अप्रैल (हि.स.)। चीन ने ईरान को कथित रूप से मदद भेजने के अमेरिकी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। चीन का कहना है कि ओमान की खाड़ी में पकड़ा गया जहाज उसका नहीं है, बल्कि एक विदेशी कंटेनर पोत है, जिसका चीन से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।

यह विवाद तब सामने आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उक्त जहाज के जरिए चीन ने ईरान को “उपहार” के रूप में सहायता भेजी थी। इसके बाद अमेरिका के दक्षिण कैरोलिना प्रांत की पूर्व गवर्नर निक्की हेली ने भी आरोप लगाया कि यह जहाज चीन से ईरान की ओर जा रहा था और इसमें मिसाइल निर्माण से जुड़े रसायन हो सकते हैं।

इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीन इस तरह के “बेबुनियाद आरोपों और अटकलों” का कड़ा विरोध करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीन अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करता है और किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल नहीं है।

इस घटनाक्रम ने पहले से ही तनावपूर्ण अंतरराष्ट्रीय माहौल में नई बहस को जन्म दिया है। ओमान की खाड़ी का क्षेत्र हाल के दिनों में सामरिक और व्यापारिक दृष्टि से काफी संवेदनशील बना हुआ है, जहां किसी भी तरह की गतिविधि पर वैश्विक शक्तियों की नजर बनी रहती है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0