दिल्ली, हरियाणा समेत कुछ राज्यों में 4 से 5 दिनों तक लू चलने का पूर्वानुमान

22 Apr 2026 17:59:53
भीषण गर्मी ( फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा के साथ ही कई राज्यों में भीषण गर्मी के हालात हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि अगले चार से पांच दिनों में उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्सों में लू की स्थिति और भी तीव्र होने की आशंका है।

आईएमडी ने बुधवार को बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 24 एवं 25 अप्रैल को, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 से 25 अप्रैल के बीच और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 26 अप्रैल के बीच लू चलने की आशंका है। राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल, मध्य प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल के बीच, छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल के बीच और गंगा के मैदानी पश्चिमी बंगाल, बिहार एवं झारखंड में 22 एवं 23 अप्रैल को लू चलने की आशंका है।

लू की चेतावानी के साथ ही मौसम विभाग ने 22 से 25 अप्रैल के बीच ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और तटीय गुजरात के कुछ इलाकों में गर्म और आर्द्र परिस्थितियों का पूर्वानुमान लगाया है।

हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा के कुछ हिस्सों के साथ ही कोंकण और गोवा में रात के समय गर्म मौसम रहने की संभावना है।

इसके साथ ही पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश से हालात में थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह छिटपुट से लेकर व्यापक स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है, साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0