
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। लगातार तीन कारोबारी दिन से मजबूती के साथ कारोबार कर रहा घरेलू शेयर बाजार आज बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स 78,500 अंक के करीब आ गया। वहीं, निफ्टी भी 24,400 अंक के स्तर से नीचे लुढ़क गया। माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में तनाव खत्म होने की उम्मीद को झटका लगने, कच्चे तेल की कीमत में उछाल आने, विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार बिकवाली जारी रखने और आईटी सेक्टर के शेयरों में जोरदार बिकवाली के कारण आज घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ।
टीएनवी फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ तारकेश्वर नाथ वैष्णव का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान और अमेरिका की ओर से हठी रवैया अपना लेने की वजह से आज दुनिया भर के बाजार दबाव में आ गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर को अनिश्चितकाल के लिए आगे बढ़ाने का ऐलान जरूर किया लेकिन बातचीत पूरी होने तक होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी जारी रहने की बात भी कही। ट्रंप के ऐलान के बाद ईरानी पक्ष भड़क गया और उसने नाकाबंदी जारी रहने की स्थिति में किसी भी तरह की बातचीत से इनकार कर दिया। इससे पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद को करारा झटका लगा। ऐसी स्थिति में निवेशकों ने शेयर बाजार में बिकवाली कर अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया।
पश्चिम एशिया में तनाव खत्म होने की उम्मीद को झटका लगने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में भी आज तेजी का रुख बन गया। ब्रेंट क्रूड आज एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया। कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी से भी शेयर बाजार को आज झटका लगा। आज ही ओमान के पास ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड (आईआरजीसी) की एक गनबोट ने एक कंटेनर शिप पर अंधाधुंध फायरिंग की। इस खबर ने भी मार्केट के मूड को बिगाड़ने का काम किया।
तारकेश्वर नाथ वैष्णव का कहना है कि तनाव के इस माहौल में विदेशी निवेशक भी आज लगातार बिकवाली कर अपना पैसा निकालने में जुटे रहे। विदेशी निवेशकों की बिकवाली से भी बाजार पर आज दबाव बना रहा। इसके अलावा घरेलू शेयर बाजार के कारोबार पर आज आईटी सेक्टर के शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली ने भी काफी असर डाला।
आज के कारोबार में आईटी इंडेक्स में शामिल 10 कंपनियों में से नौ कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इस दबाव की वजह से आईटी सेक्टर ओवरऑल 3.89 प्रतिशत के गिरावट के साथ बंद हुआ। आईटी सेक्टर में सबसे अधिक नुकसान एचसीएल टेक्नोलॉजी को हुआ, जिसके शेयर 10.82 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। आईटी सेक्टर में हुई अंधाधुंध बिकवाली से भी घरेलू शेयर बाजार के सेंटीमेंट्स पर नेगेटिव असर पड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक