सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे एयर स्ट्रिप पर वायुसेना का रोमांचक युद्धाभ्यास, आठ लड़ाकू विमानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

युगवार्ता    22-Apr-2026
Total Views |
अरवल कीरी मे करतब के लिए तैयार विमान


वायु सेना का विमान


वायुसेना का कार्यक्रम देखने पहुंचे यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश  राजभर व अन्य


वायुसेना का कार्यक्रम देखने पहुंचे यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश  राजभर व अन्य


सुलतानपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की एयर स्ट्रिप बुधवार को भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। दो दिवसीय इस विशेष युद्धाभ्यास और एयर शो ने पूरे क्षेत्र को आकर्षण का केंद्र बना दिया है। आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में लोग इस रोमांचक नजारे को देखने के लिए पहुंचे हैं।

इस युद्धाभ्यास में भारतीय वायु सेना के आठ आधुनिक लड़ाकू विमान शामिल हैं, जो एयर स्ट्रिप की क्षमता और संचालन दक्षता को परखने के उद्देश्य से उड़ान भर रहे हैं। कार्यक्रम के पहले दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एयर शो आयोजित किया जा रहा है, जबकि शाम 6 बजे से 9 बजे तक विशेष अभ्यास सत्र रखा गया है।

एयर शो के दौरान सुखोई, मिराज, तेजस और जगुआर जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों ने टेकऑफ और लैंडिंग के साथ-साथ अपने शानदार हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। इन विमानों की तेज रफ्तार और सटीक संचालन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा कमांडो द्वारा स्लिथरिंग ऑपरेशन का भी प्रदर्शन किया गया, जो इस अभ्यास का प्रमुख आकर्षण रहा।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की एयर स्ट्रिप की गुणवत्ता का परीक्षण करना और आपातकालीन परिस्थितियों में इसके उपयोग की संभावनाओं का आकलन करना है। पिछले कई दिनों से इसकी तैयारियां चल रही थीं और वायुसेना के अधिकारियों ने कई बार निरीक्षण भी किया था।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी उपस्थित रहे। उनके साथ सुलतानपुर सदर के विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एएन सिंह, प्रोफेसर अलका सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

वायुसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि युद्धाभ्यास निर्धारित समय पर शुरू हुआ है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास के जरिए सभी आवश्यक तकनीकी और संचालन पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि यह रोमांचक युद्धाभ्यास 23 अप्रैल को भी जारी रहेगा, जिसमें एक बार फिर लड़ाकू विमानों की गूंज से आसमान दहलेगा और दर्शकों को अद्भुत अनुभव मिलेगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Tags