महिलाएं संभालेगी जिम्मेदारी, तो खत्म होगी परिवार की यारी : पंकज चौधरी

22 Apr 2026 19:04:53
महिलाएं संभालेगी जिम्मेदारी, तो खत्म होगी परिवार की यारी: पंकज चौधरी


नोएडा, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सपा एवं कांग्रेस द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियिम के विरोध तथा परिवारवाद के संरक्षण पर जमकर हमला बाेला। उन्हाेंने कहा कि महिलाएं संभालेंगी जिम्मेदारी, तो ख़त्म होगी पारिवारिक यारी।

बुधवार को नोएडा में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नोएडा सिर्फ़ उत्तर प्रदेश का नहीं बल्कि देश का सबसे तेज प्रगति करने वाला शहर है। इस औद्यौगिक नगरी में हजारों कंपनियां, उद्योग- धंधे मौजूद हैं। राज्य की तरक्की का रास्ता इस शहर से होकर गुज़रता है। ये तरक्की सिर्फ़ पुरुषों की बदौलत नहीं है। इस तरक्की में आधी भागीदारी महिलाओं की भी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि 2017 से पहले के हाल से हम सब वाक़िफ़ हैं। शहरों में खुलेआम छेड़खानी आम बात थी। बहन-बेटियां बाहर निकलती थीं, तो परिवार वाले तब तक चिंतित रहते थे, जबतक वह सकुशल वापस घर न आ जाएं। गुंडे, माफिया, अपराधियों को लाल टोपी वालों का समर्थन गुंडों काे था।

पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश में आए बदलाव पर कहा कि प्रदेश में 2017 में हमारी सरकार बनी, तब बदलाव दिखना शुरू हुआ। शहरों में बहन-बेटियों और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए गए, प्रशासनिक जवाबदेही और सतत निगरानी बढ़ी तो शहरों का रंगरूप बदल गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा, “अब नोएडा को देखिए,यहाँ की आईटी कंपनियों, स्टार्टअप, उद्योगों में बड़ी संख्या में बहन-बेटियां और महिलाएं काम करती हैं। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से बीते नौ साल में राज्य में कामकाजी महिलाओं की संख्या 36-37 प्रतिशत हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के बारे में उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएं खूब आगे बढ़ें, सामान्य परिवार की महिलाएं भी विधायक-सांसद बन सकें, इसके लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी सरकार महिला आरक्षण संशोधन विधेयक लेकर आई क्योंकि हमारा संकल्प है कि सशक्त नारी, समृद्ध समाज, महिला आरक्षण से नया आगाज।

विपक्ष के महिला विरोधी आचरण पर चौधरी ने कहा कि सपा-कांग्रेस जैसी पार्टियां, जो परिवारवाद की अमर बेल पर फलफूल रही हैं। इस बिल का विरोध किया। इसके फेल होने का जश्न मनाया। इन पार्टियों ने इस बिल का विरोध नहीं किया, बल्कि इसके पीछे इन्होंने महिलाओं के जीवन में आने वाले ऐतिहासिक बदलाव का विरोध किया है। महिलाओं की सामाजिक मजबूती को डिरेल किया है। ये लोग महिलाओं को उनके हक से वंचित करने का उत्सव मनाने पर उतारू हो गए। इन लोगों को पता है कि महिलाएं संभालेंगी जिम्मेदारी, तो ख़त्म होगी पारिवारिक यारी।

तीन तलाक़ क़ानून का ज़िक्र कर चौधरी ने समाजवादी पार्टी समेत विपक्ष के अन्य दलों को आइना दिखाते हुए कहा कि ये लोग मुस्लिम महिलाओं के फर्जी पैरोकार बन रहे हैं। तब मुस्लिम महिलाओं के प्रति इनकी संवदेना कहाँ गई थी जब इन लोगों ने तीन तलाक कानून का विरोध किया था। अब सदन में मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की माँग कर रहे थे। यह सिर्फ़ इनकी एक चाल थी, क्योंकि इन्हें पता है कि धर्म के आधार पर आरक्षण संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। इन लोगों ने इस बहाने सिर्फ़ और सिर्फ़ अपनी बांटने वाली मानसिकता का परिचय दिया था।

चौधरी ने कहा कि सपा-कांग्रेस को दिन-रात सिर्फ़ अपने वोट बैंक की फ़िक्र रहती है। इन्हें महिलाओं के मान-सम्मान और उत्थान से कोई मतलब नहीं है। जब-जब मौक़ा आया ये लोग महिलाओं के विरोध में खड़े मिले हैं। जब जब महिलाओं के उत्थान की बात आई है, इन लोगों ने उसे अटकाने- भटकाने, लटकाने का काम किया है। महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस से यारी निभाकर समाजवादी पार्टी ने अपनी असली चाल, चरित्र और चेहरा सबसे सामने ला दिया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के हक को लेकर कमिटेड है। चौधरी ने कहा कि गृह मंत्री ने पूरे देश में 50 फ़ीसदी सीटें बढ़ाने की गारंटी दे दी थी। इसके बावजूद विपक्ष ने दुष्चक्र रचकर महिलाओं की हकदारी को कुचल दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की तरक्की का संकल्प पूरा करने के लिए भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Powered By Sangraha 9.0