चेन्नई सुपर किंग्स ने आयुष म्हात्रे की जगह आकाश मधवाल को टीम से जोड़ा

23 Apr 2026 22:38:03
चेन्नई सुपर किंग्स ने आयुष म्हात्रे की जगह आकाश मधवाल को टीम से जोड़ा


चेन्नई, 23 अप्रैल (हि.स.)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने आईपीएल 2026 के बीच अपने गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करते हुए तेज गेंदबाज आकाश मधवाल को टीम में शामिल किया है। वो चोटिल बल्लेबाज आयुष म्हात्रे की जगह लेंगे, जो हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।

आकाश मधवाल को 30 लाख रुपये में टीम से जोड़ा गया है। मधवाल का आईपीएल सफर काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ नेट गेंदबाज के रूप में शुरुआत की थी। इसके बाद 2022 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें चोटिल सूर्यकुमार यादव के स्थान पर टीम में शामिल किया था, हालांकि उस सीजन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।

साल 2023 में मधवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 मैचों में 14 विकेट झटके। उनका सबसे यादगार प्रदर्शन लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में रहा, जहां उन्होंने 5 विकेट लेकर सिर्फ 5 रन दिए थे।

इसके बाद 2025 के मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को पछाड़ते हुए उन्हें 1.20 करोड़ रुपये में खरीदा, लेकिन वहां उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और बाद में रिलीज कर दिया गया।

हालांकि, अगले ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला, लेकिन अब चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें मौका देकर अपने गेंदबाजी विकल्पों को मजबूती दी है। टीम पहले ही चोटों से जूझ रही है, जहां नाथन एलिस टूर्नामेंट से पहले और खलील अहमद बीच सीजन में चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं।

ऐसे में आकाश मधवाल का टीम में शामिल होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अहम माना जा रहा है, जो इस सीजन में संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0