आईपीएल 2026 : राजस्थान रॉयल्स की दमदार जीत, लखनऊ सुपरजायंट्स को 40 रन से हराया

23 Apr 2026 00:08:53
आईपीएल 2026 : राजस्थान रॉयल्स की दमदार जीत, लखनऊ सुपरजायंट्स को 40 रन से हराया


लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में खेले गए 32वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को 40 रनों से हरा दिया है। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए, जिसके जवाब में लखनऊ की पूरी टीम 119 रन पर सिमट गई।

लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 41 गेंदों में 55 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और 11 रन तक पहुंचते-पहुंचते तीन अहम विकेट गिर गए। कप्तान ऋषभ पंत, एडन मार्करम और आयुष बडोनी खाता भी नहीं खोल सके। निकोलस पूरन ने जरूर 22 रन बनाए लेकिन टीम को संभाल नहीं पाए।

इससे पहले, राजस्थान की पारी में रवींद्र जडेजा ने 43 रनों का अहम योगदान दिया, जिसकी बदौलत टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। इकाना की धीमी पिच पर यह स्कोर चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

गेंदबाजी में राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने बेहतरीन रणनीति अपनाई और पांच गेंदबाजों का उपयोग किया, जिनमें सभी ने कम से कम एक विकेट लिया। जोफ्रा आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके। वहीं नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। जबकि जडेजा और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली।

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने सीजन की पांचवीं जीत दर्ज की और लगातार दो मैचों से चल रहे हार के सिलसिले को भी समाप्त किया। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स को सात मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0