भारत-अफ्रीकी विकास सहयोग स्थानीय प्राथमिकताओं और स्वामित्व पर आधारित : विदेश मंत्री

23 Apr 2026 16:35:53
भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के लोगो, थीम और वेबसाइट लॉन्च कार्यक्रम में विदेश मंत्री


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर गुरुवार को चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के लोगो, थीम और वेबसाइट लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में अफ्रीकी देशों के राजदूत सम्मिलित हुए थे।

इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-अफ्रीका साझेदारी के और मज़बूत होने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह विकास सहयोग अफ्रीकी प्राथमिकताओं और स्थानीय स्वामित्व पर आधारित है। उन्होंने डिजिटल इनोवेशन, फिनटेक और अफ्रीकी अर्थव्यवस्थाओं को बदलने वाले उभरते क्षेत्रों में बढ़ते जुड़ाव का ज़िक्र किया।

उन्होंने कहा कि भारत और अफ्रीका का संबंध साझा संघर्ष, एकजुटता और आकांक्षाओं पर आधारित है। भारत ने अफ्रीकी संघ को जी20 में शामिल करने का समर्थन किया। यह साझेदारी समानता, सम्मान और साझा प्रगति के सिद्धांतों पर आधारित एक बेहतर वैश्विक व्यवस्था के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है।

इस दौरान उन्होंने कहा कि आगामी शिखर सम्मेलन दोनों पक्षों की साझेदारी के अगले चरण को आकार देगा। यह अधिक महत्वाकांक्षी, अधिक समावेशी और अधिक भविष्य-उन्मुख होगा। यह हमें सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने, सफल अनुभवों को साझा करने और साझा चुनौतियों पर चर्चा करने में सक्षम बनाएगा।

विदेश मंत्री ने इंटरनेशनल सोलर अलायंस और दूसरे वैश्विक गठबंधनों सहित सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी पहलों में मज़बूत सहयोग पर भी ज़ोर दिया। बढ़ते कूटनीतिक मेलजोल और साझा ऐतिहासिक संबंधों के साथ उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्र मिलकर ज़्यादा समावेशी और बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Powered By Sangraha 9.0