आईपीएल : चेन्नई सुपर किंग्स ने आयुष म्हात्रे की जगह आकाश मधवाल को टीम में लिया

23 Apr 2026 17:47:53
आयुष म्हात्रे


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने बड़ा बदलाव करते हुए युवा बल्लेबाज़ आयुष म्हात्रे के स्थान पर तेज़ गेंदबाज़ आकाश मधवाल को टीम में शामिल किया है। आयुष म्हात्रे बाएं हैमस्ट्रिंग चोट के कारण टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।

दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ आकाश मधवाल इससे पहले मुंबई इंडियंस (2023, 2024) और राजस्थान रॉयल्स (2025) का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने अब तक 17 आईपीएल मैचों में 23 विकेट अपने नाम किए हैं। मधवाल के नाम एक शानदार पांच विकेट हॉल भी दर्ज है, जब उन्होंने अपने डेब्यू सीज़न में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 5 रन देकर 5 विकेट झटके थे।

वहीं, भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने इस सीज़न में सीएसके के लिए बेहतरीन शुरुआत की थी। उन्होंने 6 मैचों में दो अर्धशतक लगाते हुए टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाज़ी करते हुए चोटिल हो गए।

चेन्नई सुपर किंग्स ने आकाश मधवाल को 30 लाख रुपये की राशि में टीम से जोड़ा है और टीम को उम्मीद है कि वह अपनी गेंदबाज़ी से आगामी मैचों में अहम भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0