शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट के बाद रिकवरी मोड में शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में निचले स्तर से सुधार का रुख

23 Apr 2026 10:12:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती गिरावट के बाद सुधार होता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.55 प्रतिशत और निफ्टी 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, सिप्ला, सन फार्मास्युटिकल्स, ओएनजीसी और नेस्ले के शेयर 6.37 प्रतिशत से लेकर 1.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, एटरनल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, श्रीराम फाइनेंस और ट्रेंट लिमिटेड के शेयर 2.34 प्रतिशत से लेकर 1.98 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,704 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,349 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,355 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से आठ शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 532.83 अंक की कमजोरी के साथ 77,983.66 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव के कारण यह सूचकांक 823.43 अंक की कमजोरी के साथ 77,693.06 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 431.66 अंक की गिरावट के साथ 78,084.83 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 175.75 अंक फिसल कर 24,202.35 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने की वजह से यह सूचकांक 243.30 अंक लुढ़क कर 24,134.80 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में भी सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 90.65 अंक की कमजोरी के साथ 24,287.45 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 756.84 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,516.49 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 198.50 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,378.10 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0