पश्चिम बंगाल में सुबह 9 बजे तक 18.76 प्रतिशत मतदान, पश्चिम मेदिनीपुर सबसे आगे

23 Apr 2026 10:05:53
मतदान


कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर औसतन 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शुरुआती दो घंटों में पश्चिम मेदिनीपुर जिला मतदान प्रतिशत के मामले में सबसे आगे रहा।

निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार पश्चिम मेदिनीपुर में सुबह 9 बजे तक 20.51 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य में सर्वाधिक है। इसके बाद बांकुड़ा में 20.20 प्रतिशत, झाड़ग्राम में 19.84 प्रतिशत, बीरभूम में 19.01 प्रतिशत और पश्चिम बर्धमान में 19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मुर्शिदाबाद में 18.88 प्रतिशत, दक्षिण दिनाजपुर में 18.81 प्रतिशत, पूर्व मेदिनीपुर में 18.81 प्रतिशत, दार्जिलिंग में 18.80 प्रतिशत, कलिम्पोंग में 18.74 प्रतिशत और जलपाईगुड़ी में 18.50 प्रतिशत मतदान हुआ।

अलीपुरद्वार में 17.70 प्रतिशत, पुरुलिया में 17.83 प्रतिशत, कूचबिहार में 17.56 प्रतिशत, उत्तर दिनाजपुर में 17.54 प्रतिशत तथा मालदा में 16.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो इस चरण में सबसे कम रहा।

पहले चरण में राज्य के 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें उत्तर बंगाल के सभी जिले, पश्चिमांचल के प्रमुख जिले, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बर्धमान और पूर्व मेदिनीपुर शामिल हैं। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 167 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं।

राज्य भर में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय बलों की तैनाती, वेब निगरानी और विशेष पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में मतदान कराया जा रहा है। सुबह के समय कई केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जिससे शुरुआती घंटों में उत्साहजनक मतदान की तस्वीर सामने आई।

राजनीतिक दलों की नजर अब दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी पर है। माना जा रहा है कि पहले चरण का मतदान आगामी चरणों के चुनावी रुझान तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0