
बद्रीनाथ, 24 अप्रैल (हि.स.)।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के वरिष्ठ सदस्य और देश के प्रसिद्ध उद्योगपति महेन्द्र शर्मा ने मंदिर समिति को 1 करोड़ 1 लाख रुपये का चेक दान स्वरूप सौंपा है। बदरीनाथ धाम में मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उद्योगपति महेन्द्र शर्मा का स्वागत कर उनका आभार जताया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी महेंद्र शर्मा देश के प्रसिद्ध उद्योगपति हैं तथा एक दशक से श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य हैं। उद्योगपति महेन्द्र शर्मा ने देशभर के तीर्थस्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी क्रम में उन्होंने बीकेटीसी को एक करोड़ एक लाख का दान दिया है। उन्होंने उद्योगपति महेन्द्र शर्मा के योगदान को सराहनीय बताते हुए अन्य श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
उद्योगपति एवं बीकेटीसी सदस्य महेन्द्र शर्मा ने बताया कि भगवान बदरीनाथ और केदारनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था है और यह दान उसी श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने आशा जतायी कि मंदिर समिति इस राशि का उपयोग धार्मिक प्रयोजन और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए करेगी। मंदिर समिति के अन्य सदस्यों और अधिकारियों ने भी दानदाता का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान निजी सचिव प्रमोद नौटियाल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण