भारत की एडवाइजरी : नागरिकों को ईरान यात्रा से बचने और वहां से जल्द निकलने की सलाह

24 Apr 2026 00:28:53

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। भारत सरकार ने अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा न करने की सख्त सलाह जारी की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों को हवाई और जमीनी—दोनों रास्तों से ईरान जाने से बचना चाहिए।

विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी के अनुसार, भले ही ईरान के लिए सीमित उड़ानें शुरू हो गई हों, लेकिन हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध और संचालन से जुड़ी अनिश्चितताएं अब भी बनी हुई हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा को जोखिम हो सकता है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो भारतीय नागरिक इस समय ईरान में मौजूद हैं, उन्हें जल्द से जल्द वहां से निकलने की सलाह दी गई है। इसके लिए तय जमीनी मार्गों का उपयोग करने को कहा गया है, ताकि सुरक्षित तरीके से देश वापसी सुनिश्चित की जा सके।

एडवाइजरी में नागरिकों को विशेष रूप से यह निर्देश दिया गया है कि किसी भी सीमा को पार करने से पहले वे संबंधित क्षेत्रों में स्थित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय करें। इससे निकासी प्रक्रिया को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0