लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी, निवेशकों को 4.90 लाख करोड़ की चपत

24 Apr 2026 17:46:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक सुधर कर हरे निशान में पहुंच गए। इसके कुछ देर बाद ही बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों ने दोबारा लाल निशान में गोता लगा दिया। बिकवाली के दबाव की वजह से सेंसेक्स 77,000 अंक के नीचे लुढ़क गया। इसी तरह निफ्टी भी 24,000 अंक के स्तर से नीचे चला गया। दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.29 प्रतिशत और निफ्टी 1.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान लगातार बिकवाली होने की वजह से सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। आज के कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 5.29 प्रतिशत टूट कर बंद हुआ। इसी तरह ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.87 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज की कारोबार का अंत किया। आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पांच लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 461.50 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी गुरुवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 466.40 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 4.90 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में एनएसई में 2,967 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 667 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,300 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से पांच शेयर बढ़त के साथ और 25 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 180.20 अंक की कमजोरी के साथ 77,483.80 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 225 अंक से ज्यादा उछल कर हरे निशान में 77,710.82 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद बाजार में दोबारा बिकवाली शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स दोबारा लाल निशान में गिर गया।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,306.95 अंक लुढ़क कर 1,260.13 अंक की कमजोरी के साथ 76,403.87 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 260.34 अंक सुधर कर 999.79 अंक की गिरावट के साथ 76,664.21 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 72.50 अंक लुढ़क कर 24,100.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 105 अंक उछल कर हरे निशान में 24,206 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे निफ्टी अपनी सारी बढ़त गंवा कर दोबारा लाल निशान में गिर गया।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर दो बजे के कुछ देर बाद निफ्टी ऊपरी स्तर से 392.35 अंक टूट कर 359.40 अंक की गिरावट के साथ 23,813.65 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने निचले स्तर से लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से निफ्टी दिन के निचले स्तर से 84.30 अंक की रिकवरी कर 275.10 अंक की कमजोरी के साथ 23,897.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से कोल इंडिया 1.19 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 1.08 प्रतिशत, नेस्ले 0.77 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 0.67 प्रतिशत और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 0.63 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, इंफोसिस 6.93 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 5.82 प्रतिशत, टीसीएस 4.95 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 4.43 प्रतिशत और सन फार्मास्युटिकल्स 3.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0