एचपीयू क्षेत्रीय केंद्र के भाषा विभाग ने जीता अंतर-विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट

युगवार्ता    25-Apr-2026
Total Views |
विजेता टीम के साथ मुख्यातिथि।


धर्मशाला, 25 अप्रैल (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में आयोजित अंतर-विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हुआ। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों ने भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की विजेता भाषा विभाग की टीम रही।

टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पहला सेमीफाइनल भाषा विभाग और गणित विभाग के बीच खेला गया,जबकि दूसरा सेमीफाइनल एमकॉम विभाग और इतिहास विभाग के बीच हुआ। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को और अधिक रोचक बना दिया।

वहीं फाइनल मुकाबला भाषा विभाग और एमकॉम विभाग के बीच खेला गया। इस मैच में भाषा विभाग ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

टी 20 मुकाबले के फाइनल में एमकॉम विभाग की टीम ने 75 रन का लक्ष्य दिया था जिसे भाषा विभाग की टीम ने 6 विकेट रहते जीत लिया।

टूर्नामेंट का समापन विश्वविद्यालय के निदेशक कुलदीप अत्री ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का भी सशक्त जरिया हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा निदेशक अश्वनी लखनपाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं। मुख्यातिथि ने टूर्नामेंट के विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Tags