
हुगली, 25 अप्रैल (हि.स.)। हुगली जिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। श्रीरामपुर के मुल्लाबेर इलाके में आयोजित इस सभा में जिले की सभी 18 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और वामपंथी दलों को एक साथ निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि रोजगार की गारंटी केवल कांग्रेस दे सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में उठाए गए सवालों से प्रधानमंत्री बचते हैं और देश की संपत्तियों का निजीकरण किया जा रहा है।
राज्य सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि तृणमूल शासन में “सिंडिकेट राज” और माफिया का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वामपंथियों ने राज्य को पीछे धकेला और अब मौजूदा सरकार भी उसी राह पर चल रही है।
बेरोजगारी के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि राज्य में लाखों युवाओं ने भत्ते के लिए आवेदन किया है। उनके मुताबिक, “ममता सरकार ने राज्य में रोजगार छीना, जबकि मोदी सरकार ने देशभर में युवाओं को बेरोजगार किया।” उन्होंने केंद्र सरकार पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस समाज को जोड़ने की राजनीति करती है।
सभा में हुगली जिले के कई कांग्रेस उम्मीदवार मौजूद रहे। राहुल गांधी ने जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बनने पर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय