सीतारमण ने वित्तीय क्षेत्र से साइबर सुरक्षा पर अत्यंत सतर्कता बरतने को कहा

25 Apr 2026 17:05:53
सेबी के स्थापना दिवस को संबोधित करते हुए सीतारमण


सेबी के स्थापना दिवस को संबोधित करते हुए सीतारमण


मुंबई, 22 अप्रैल (हि.स)। केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को वित्तीय क्षेत्र में विनियमित संस्थाओं से साइबर सुरक्षा जोखिमों के प्रति अत्यंत सतर्क रहने का आग्रह किया।

सीतारमण ने मुंबई में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के 38वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर वित्त मंत्री ने सेबी की राष्ट्रव्यापी निवेशक जागरूकता पहल 'मिशन जागरूक' का डिजिटल रूप से शुभारंभ भी किया।

सेबी के 38वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सीतारमण ने कहा कि किसी भी शेयर बाजार या अभिरक्षक संस्था (डिपॉजिटरी) पर एक भी साइबर हमला आर्थिक गतिविधियों को बाधित कर सकता है और आम लोगों के विश्वास को प्रभावित कर सकता है। कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित नए एवं उन्नत उपकरणों के आने से स्वचालित साइबर हमलों का खतरा बढ़ा है, जिससे साइबर सुरक्षा की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हुई है।

सीतारमण ने कहा, “केवल सेबी ही नहीं, बल्कि सभी विनियमित संस्थाओं को अत्यंत सतर्क रहना होगा। हमले के तरीके तेजी से विकसित हो रहे हैं और बचाव के साधनों को उससे भी अधिक तेजी से विकसित करना होगा।”

वित्त मंत्री ने पूंजी बाजार नियामक सेबी से आग्रह किया कि वह वैश्विक नियामक संस्थाओं के साथ नियमित परामर्श की एक व्यवस्था को संस्थागत रूप दे, साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय नियमन को अन्य देशों की नकल नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा विदेशी पूंजी प्रवाह को लेकर बनी असहजता के बीच उन्होंने कहा कि नियामकों के बीच इस तरह का संवाद वैश्विक निवेशकों में भरोसा बढ़ा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0