कोलकाता में अरविंद केजरीवाल ने किया तृणमूल उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार, भाजपा पर बरसे

26 Apr 2026 21:55:53
तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में


हुगली, 26 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कोलकाता के बेलियाघाटा में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार कुणाल घोष के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने जहां भाजपा पर कई आरोप लगाए वहीं वाम दलों और कांग्रेस को वोट न देने की अपील की।

केजरीवाल ने तृणमूल कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई आसान नहीं है और इसके लिए हिम्मत की जरूरत होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी और वे खुद पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के साथ खड़े हैं।

उन्होंने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिल्ली चुनाव के दौरान भी इसी तरह के वादे किए गए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब यहां महिलाओं को हर महीने तीन हज़ार रुपये देने की बात कही जा रही है, लेकिन ये वादा भी पूरा नहीं होगा।

सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी दल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि वोट काटने के लिए मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वाम को वोट देकर अपना वोट बर्बाद न करें। अगर विपक्ष के वोट बंटे, तो इसका फायदा भाजपा को मिलेगा। इसलिए तृणमूल उम्मीदवार को ही जिताएं।

सभा के अंत में उन्होंने तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सराहना करते हुए कहा कि बंगाल के लोग जिस तरह भाजपा के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, वह सराहनीय है और देशभर के लोग उनके साथ हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

Powered By Sangraha 9.0