
मुंबई, 26 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने रविवार को अपनी पहली टी-20 मुंबई महिला लीग के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। पुरुष के बाद महिला लीग मुंबई के क्रिकेट परिदृश्य के विकास में एक महत्वपूर्ण क्षण है।
लोगो आधुनिक महिला क्रिकेट की भावना को दर्शाता है। यह मुंबई की समृद्ध खेल विरासत से जुड़ा रहते हुए टी-20 प्रारूप की गतिशीलता, महत्वाकांक्षा और तीव्र ऊर्जा को प्रतिबिंबित करता है। मुंबई को भारतीय क्रिकेट के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण शहर के रूप में देखा जाता है। इस शहर ने कई बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ियों को जन्म दिया है। महिला टी20 लीग के साथ एमसीए अब इस विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से काम कर रहा है। लीग को मुंबई की अगली पीढ़ी की महिला क्रिकेटरों को पहचानने, उन्हें बेहतर बनाने और आगे बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है।
एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि मुंबई ने हमेशा क्रिकेट में एक मिसाल कायम की है। टी-20 मुंबई महिला लीग के साथ हम उस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। महिला क्रिकेट के लिए एक मजबूत और टिकाऊ मार्ग का निर्माण कर रहे हैं और खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को आकार दे रहे हैं।
लीग गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष राजदीप गुप्ता ने कहा कि टी-20 मुंबई महिला लीग के लोगो का अनावरण मात्र एक उपलब्धि नहीं है। यह मुंबई में महिला क्रिकेटरों के लिए एक मजबूत और प्रतिस्पर्धी मंच बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हमारा दृष्टिकोण स्पष्ट है। हम एक ऐसा वातावरण बनाना चाहते हैं जहां प्रतिभाओं की पहचान हो, उन्हें विकसित किया जाए और उन्हें वह अवसर मिले जिसके वे हकदार हैं। यह लीग उस दिशा में एक कदम है।
एमसीए 2 मई को पुरुष और महिला दोनों लीगों के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित करेगा। नीलामी के लिए कुल 2,411 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 2,048 पुरुष और 363 महिलाएं शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह